ग्रेटर नोएडा निक्की हत्याकांड: अब सामने आया नया मोड़
Nikki Murder Case: निक्की के पिता ने यह दावा खारिज किया कि उनकी बेटी की हत्या रील विवाद के कारण हुई। उनका आरोप है कि शादी के बाद से ही दोनों बहन पर दहेज के लिए मारपीट की जाती थी।

ग्रेटर नोएडा के निक्की हत्याकांड में पुलिस ने चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। हालांकि पूछताछ में सभी ने हत्या में अपनी संलिप्तता से इनकार किया है। मामले की जांच में अब कई नई परतें सामने आ रही हैं। पुलिस ने कहा है कि यह मामला केवल दहेज तक सीमित नहीं था। निक्की के पति विपिन अक्सर उसकी इंस्टाग्राम रील्स और ब्यूटी पार्लर खोलने की इच्छा को लेकर झगड़ा करता था।
पुलिस ने बताया कि करीब तीन साल पहले निक्की और उसकी बहन कंचन ने घर पर ही बुटीक और ब्यूटी पार्लर खोल लिया था, जिसके बाद से विवाद चल रहा था।
रील विवाद कारण नहीं
निक्की और कंचन की शादी 2016 में ग्रेटर नोएडा के सिरसा में भाटी परिवार में हुई थी। आरोप है कि शादी के बाद से ही दोनों बहनों के साथ दहेज के लिए मारपीट होती रही। पुलिस के अनुसार, विपिन ने निक्की को इंस्टाग्राम पर रील पोस्ट करने और पार्लर चलाने से मना किया था। निक्की के पिता ने इस दावे को खारिज किया कि उनकी बेटी की हत्या रील विवाद के कारण हुई।
36 लाख रुपये की मांग
जांच में यह भी खुलासा हुआ कि 2024 में निक्की ने विपिन को जारचा गांव में एक युवती के साथ पकड़ा था। उस युवती ने पिछले साल जारचा थाने में विपिन के खिलाफ शारीरिक शोषण का मामला दर्ज कराया था। दहेज के रूप में स्कॉर्पियो एसयूवी, रॉयल एनफील्ड, नकद और सोना देने के बावजूद विपिन ने 36 लाख रुपये की मांग की थी।
पति-पत्नी के बीच झगड़े
न्यूज एजेंसी एएनआई के मुताबिक, आरोपी पति विपिन ने कहा कि उसने निक्की को नहीं मारा, बल्कि उसने खुद मौत को आमंत्रित किया। उसने कहा, “मुझे इस घटना का कोई पछतावा नहीं है। पति-पत्नी के बीच झगड़े होते रहते हैं, यह बहुत सामान्य बात है।”
निक्की और कंचन दोनों अपने इंस्टाग्राम और यूट्यूब चैनल पर सक्रिय थीं। दोनों पार्लर और मेकओवर से जुड़ी सामग्री साझा करती थीं।
पुलिस ने बताया कि पिछले 10–15 दिनों से विपिन और निक्की के बीच बातचीत बंद थी और वे एक ही घर में अलग-अलग कमरों में रह रहे थे। विपिन ने निक्की से कहा था कि वह सोशल मीडिया पर कोई रील पोस्ट नहीं करेगी। हत्या से ठीक पहले दोनों के बीच झगड़ा हुआ था, और उसके बाद निक्की के शरीर में आग लगा दी गई।
ब्यूरो रिपोर्ट – Buland News Times (BNT)